Jharkhand News: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने प्राथमिक विद्यालयों में इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 1 से 5) की भर्ती परीक्षा (JPSTAACCE-2023) को लेकर एक महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया है. आयोग ने इस परीक्षा के लिए संशोधित कट-ऑफ अंक घोषित कर दिए हैं. यह बदलाव झारखंड हाई कोर्ट में दायर एक याचिका पर आए हालिया आदेश के बाद किया गया है.
हाई कोर्ट के निर्देश पर हुआ बदलाव
दरअसल, श्रीराम प्रसाद एवं अन्य बनाम राज्य सरकार मामले में उच्च न्यायालय ने 10 फरवरी 2026 को एक अंतरिम आदेश पारित किया था. इसी आदेश के आलोक में आयोग को पूर्व में जारी परीक्षा परिणाम में संशोधन करना पड़ा है. इससे पहले जेएसएससी ने 16 फरवरी 2026 को इस भर्ती का रिजल्ट प्रकाशित किया था, जिसे अब नए कट-ऑफ के साथ अपडेट किया गया है.
नेट और नॉर्मलाइज्ड अंक सार्वजनिक
आयोग की नई सूचना के मुताबिक, संशोधित अतिरिक्त परीक्षा परिणाम के आधार पर अब श्रेणीवार (Category-wise) अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों के नेट और नॉर्मलाइज्ड प्राप्तांक जारी कर दिए गए हैं. हालांकि, जेएसएससी ने यह साफ कर दिया है कि वर्तमान में जारी कट-ऑफ पूरी तरह से अस्थायी यानी प्रोविजनल है. अभी कई पदों पर परिणाम लंबित हैं, ऐसे में भविष्य में पूरे रिजल्ट के प्रकाशन के बाद इन अंकों में फिर से बदलाव की संभावना बनी रहेगी.
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सलाह
जेएसएससी ने स्पष्ट किया है कि टाइपिंग या तकनीकी त्रुटि होने पर सुधार का अधिकार आयोग के पास सुरक्षित है. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे विस्तृत जानकारी और अपने अंकों की जांच के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर मौजूद अधिसूचना को जरूर देख लें.