JAC Board: झारखंड एकेडेमिक काउंसिल (जैक) की वर्ष 2026 की मैट्रिक परीक्षाएं सोमवार को संस्कृत विषय के साथ शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हो गईं. जिले भर के केंद्रों पर परीक्षा के अंतिम दिन परीक्षार्थियों के चेहरे पर राहत का भाव देखा गया. हालांकि, इंटरमीडिएट (कक्षा 12वीं) की परीक्षाएं अभी जारी हैं और यह आगामी 23 फरवरी तक संचालित की जाएंगी.
पूर्वी सिंहभूम में 21 हजार से अधिक परीक्षार्थी
पूर्वी सिंहभूम जिले में इस बार मैट्रिक परीक्षा के लिए कुल 21,301 परीक्षार्थी पंजीकृत थे. जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की सक्रियता के कारण पूरी परीक्षा प्रक्रिया कदाचार मुक्त रही. मैट्रिक और इंटरमीडिएट दोनों परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए जिले भर में कुल 101 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच छात्रों ने अपनी उत्तर पुस्तिकाएं लिखीं.
क्षेत्रीय भाषाओं की परीक्षा आज
अनिवार्य विषयों की परीक्षा सोमवार को समाप्त होने के बाद, मंगलवार को भी कुछ केंद्रों पर मैट्रिक की परीक्षा आयोजित की जा रही है. यह परीक्षा केवल उन छात्रों के लिए है जिन्होंने संथाली, हो, मुंडारी, अरेबिक या फारसी जैसी क्षेत्रीय भाषाओं का चयन किया है. इसके बाद मैट्रिक स्तर की सभी लिखित परीक्षाएं पूरी तरह संपन्न मान ली जाएंगी.
समय पर परिणाम आने की संभावना
शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस वर्ष समय सारिणी के अनुसार परीक्षाएं संपन्न होने से कॉपियों के मूल्यांकन का कार्य भी जल्द शुरू किया जा सकेगा. इससे उम्मीद जताई जा रही है कि जैक बोर्ड इस बार समय पर परिणामों की घोषणा कर देगा, जिससे छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए नामांकन लेने में सुविधा होगी.