Godda: झारखंड के गोड्डा जिले में महाशिवरात्रि का पर्व इस बार एक अनोखी प्रेम कहानी का साक्षी बना। जिले के परसा गांव में भगवान शिव को साक्षी मानकर एक युवक और युवती ने पूरे विधि-विधान के साथ सात फेरे लिए। देखते ही देखते यह प्रेम-विवाह पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया।
दोस्ती बदली प्यार में
जानकारी के अनुसार, युवती कुछ माह पहले अपने मौसी से मिलने सबौर गई थी। वहीं उसकी मुलाकात एक युवक से हुई। शुरुआती मुलाकात महज औपचारिक थी, लेकिन बातचीत का सिलसिला बढ़ता गया और दोनों के बीच दोस्ती गहरी होती चली गई। समय के साथ यह दोस्ती प्यार में बदल गई। करीब एक साल तक दोनों एक-दूसरे के संपर्क में रहे और आखिरकार साथ जीवन बिताने का फैसला कर लिया।
प्रेमियों ने जाहिर की शादी की इच्छा
महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर दोनों ने परसा गांव में मिलने का निश्चय किया। जब ग्रामीणों ने उन्हें साथ देखा तो गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। लोगों ने दोनों से बातचीत की तो उन्होंने बिना झिझक अपने प्रेम संबंध को स्वीकार किया और शादी करने की इच्छा जाहिर की।
प्रेमियों ने लिए सात फेरे
इसके बाद गांव के बुजुर्गों और परिजनों को बुलाया गया। काफी देर तक आपसी बातचीत और समझाइश का दौर चला। जिसके बाद दोनों परिवारों की सहमति से गांव के मंदिर में सादगीपूर्ण तरीके से विवाह संपन्न कराया गया। ग्रामीणों की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों ने सात फेरे लिए और एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया।
नए नवदंपति को दी गई शुभकामनाएं
महाशिवरात्रि के पावन दिन पर हुए इस विवाह को लोग भगवान शिव का आशीर्वाद मान रहे हैं। गांव के कई लोगों का कहना है कि प्रेम और आपसी समझ से लिया गया यह फैसला समाज के लिए सकारात्मक संदेश देता है। फिलहाल यह शादी पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग नवदंपति को शुभकामनाएं दे रहे हैं।