Gumla: गुमला के लघु सिंचाई कार्यालय में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए कार्यालय के कैशियर राहुल सिंह को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई को एसीबी की नौ सदस्यीय विशेष टीम ने अंजाम दिया।
शिकायत के बाद बिछाया गया जाल
जानकारी के अनुसार, घाघरा प्रखंड के रहने वाले ठेकेदार प्रवीण साहू ने एसीबी से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि शहर के एसएस बालिका विद्यालय में संचालित एक योजना के तहत भुगतान से संबंधित चेक जारी करने के बदले कैशियर राहुल सिंह ने 20 हजार रुपये की मांग की थी।
ठेकेदार ने रिश्वत देने से इनकार किया और पूरे मामले की जानकारी एसीबी को दी। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद एसीबी ने सुनियोजित तरीके से ट्रैप की योजना बनाई।
आवास से हुई गिरफ्तारी
शनिवार को एसीबी की टीम अचानक लघु सिंचाई कार्यालय पहुंची, लेकिन उस समय आरोपी कैशियर कार्यालय में मौजूद नहीं था। टीम को सूचना मिली कि वह कार्यालय परिसर में स्थित अपने सरकारी आवास में है।
जैसे ही ठेकेदार ने तय योजना के अनुसार 20 हजार रुपये राहुल सिंह को सौंपे, एसीबी टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के तुरंत बाद उससे मौके पर ही पूछताछ की गई।
कार्यालय में दस्तावेजों की जांच शुरू
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कार्यालय लाया गया, जहां उससे जुड़े दस्तावेजों और फाइलों की गहन जांच शुरू कर दी गई। एसीबी की मौजूदगी से कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई कर्मचारी दफ्तर से बाहर निकल गए, जबकि कुछ कर्मचारी स्थिति को लेकर असहज नजर आए।
ट्रांसफर के बावजूद कार्यरत था आरोपी
सूत्रों के मुताबिक, राहुल सिंह का तबादला पिछले वर्ष 31 जुलाई को लोहरदगा कर दिया गया था। हालांकि, विभागीय स्तर पर उन्हें औपचारिक रूप से कार्यमुक्त नहीं किया गया था। बताया जा रहा है कि कार्यपालक अभियंता द्वारा विरमित नहीं किए जाने के कारण वे अब तक गुमला कार्यालय से जुड़े कार्यों का निष्पादन कर रहे थे।
अब यह भी जांच का विषय है कि ट्रांसफर के बाद भी वे किस आधार पर यहां कार्यरत थे।
अन्य कर्मियों की भूमिका की भी जांच
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। पूछताछ के दौरान यदि किसी अन्य कर्मचारी की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल आरोपी कैशियर से पूछताछ जारी है और जल्द ही उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।