Ranchi Crime News: रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में बीते दिनों हुई चोरी की तीन अलग-अलग घटनाओं को सुलझाते हुए पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए अपराधियों की पहचान फिरदोस अली और दिलीप सोनी के रूप में हुई है. इन आरोपियों के पास से पुलिस ने भारी मात्रा में चोरी के गहने और अन्य सामान भी बरामद किए हैं.
संगठित तरीके से देते थे घटना को अंजाम
पुलिस द्वारा की गई जांच में यह बात सामने आई है कि यह एक संगठित गिरोह है जो मोहल्लों में घूम-घूम कर बंद घरों की रेकी करता था. मौका मिलते ही गिरोह के सदस्य दिन के समय ही घरों में घुसकर गहने और नकदी पार कर देते थे. गिरफ्तार फिरदोस अली मुख्य रूप से चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था, जबकि दिलीप सोनी उन चोरी किए गए जेवरों को ठिकाने लगाने का काम करता था.
बरामद सामान और चोरी का तरीका
आरोपियों के पास से पुलिस ने भारी मात्रा में गला हुआ सोना, सोने की अंगूठियां, मंगलसूत्र, नथिया, चांदी के पायल और अन्य आभूषण बरामद किए हैं. इसके अलावा गिरोह के पास से मोबाइल फोन और एक रजिस्टर भी मिला है जिसमें संदिग्ध विवरण दर्ज हैं. जांच में पता चला कि दिलीप सोनी अपनी ज्वेलरी दुकान में इन चोरी के गहनों को सस्ते दाम पर खरीदता था और उन्हें गलाकर नए आभूषण बनाने में इस्तेमाल करता था.
पूर्व में भी जेल जा चुके हैं आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पकड़े गए दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है. वे पहले भी आभूषणों की चोरी करने और उन्हें अवैध रूप से खपाने के आरोप में जेल की सजा काट चुके हैं. पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.