Jamshedpur: क्षेत्र भ्रमण के दौरान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल तथा साकची स्थित डीएम लाइब्रेरी का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त पहुंचे एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल
सबसे पहले उपायुक्त एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने इमरजेंसी, फार्मेसी, आईसीयू, सीटी स्कैन, निबंधन काउंटर तथा निर्माणाधीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और समस्याओं की जानकारी ली।
उपायुक्त ने जताया असंतोष
पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुरूप अस्पताल व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर उपायुक्त ने असंतोष जताया और सुधार के लिए अधिकारियों को अल्टीमेटम दिया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से संसाधनों के बेहतर उपयोग पर जानकारी मांगी और वर्तमान समस्याओं के समाधान हेतु ठोस पहल सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही निर्माणाधीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को शीघ्र पूर्ण कर गर्मी से पहले अस्पताल में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश अस्पताल अधीक्षक, संवेदक एवं मानगो नगर निगम को आपसी समन्वय से करने को कहा।
उपायुक्त ने लाइब्रेरी का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान एसडीओ अर्नव मिश्रा, एडीसी संतोष गर्ग, अस्पताल अधीक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
इसके बाद उपायुक्त ने साकची स्थित डीएम लाइब्रेरी के जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने लाइब्रेरी में छात्रों के लिए बैठने की व्यवस्था, बेंच-डेस्क, पठन सामग्री, रोशनी, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
उपायुक्त ने दिया जोर
उपायुक्त ने कहा कि डीएम लाइब्रेरी विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और आम पाठकों के लिए एक महत्वपूर्ण अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित हो। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां शीघ्र पूरी की जाएं ताकि आमजन को जल्द इसका लाभ मिल सके। उन्होंने उप नगर आयुक्त को लाइब्रेरी संचालन से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही लाइब्रेरी संचालन को सुव्यवस्थित एवं अनुशासित बनाने पर जोर दिया।
उपस्थित अधिकारी
इस दौरान एसडीओ अर्नव मिश्रा, उप नगर आयुक्त कृष्णा कुमार, डीटीओ धनंजय सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।