कचरा फेंक कर लौट रही थी महिला, अपराधियों ने बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, कागलनगर निवासी जय श्री बॉस अपने घर से बाहर सड़क पर कचरा फेंकने गई थीं। जैसे ही वह कचरा फेंक कर वापस अपने घर की ओर मुड़ीं, पहले से घात लगाए बाइक सवार दो अपराधियों ने उनके गले पर झपट्टा मारा। महिला ने साहस दिखाते हुए अपनी चेन बचाने की कोशिश की और अपराधियों से भिड़ गईं, लेकिन झपट्टा इतना जोरदार था कि अपराधी चेन लेकर भागने में सफल रहे।
गले में आई गंभीर चोटें, इलाके में दहशत
अपराधियों के साथ हुई इस गुत्थमगुत्थी और चेन खींचने के दौरान महिला के गले में गंभीर खरोंच आई है, घटना के बाद पीड़िता सदमे में है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पूरे कागलनगर क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब महिलाएं अपने घर के बाहर कदम रखने में भी डर महसूस कर रही हैं।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह अपराधी बाइक पर आते हैं, कुछ देर रेकी करते हैं और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम देकर रफूचक्कर हो जाते हैं। सोनारी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस का दावा है कि हुलिए के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है।
पुलिस को खुली चुनौती, 24 घंटे में दूसरी बड़ी वारदात
जमशेदपुर में अपराधी अब पुलिस को सीधे चुनौती दे रहे हैं। गौरतलब है कि महज 24 घंटे पहले ही गोलमुरी थाना क्षेत्र में थाने से चंद कदमों की दूरी पर अपराधियों ने एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उस हत्याकांड की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि सोनारी में इस छिनतई ने पुलिस की सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है।
प्रमुख मांगें और आक्रोश
स्थानीय निवासियों ने कागलनगर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस पीसीआर की गश्ती बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि शाम ढलते ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा हुआ है, जिसे रोकने में पुलिस नाकाम रही है। व्यापारिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। फिलहाल, सोनारी पुलिस मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है, लेकिन शहर में बढ़ता अपराध ग्राफ जिला प्रशासन के लिए बड़ी सिरदर्दी बन गया है।