Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बार फिर सख्त कदम उठाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह इलाके में की गई छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रशासन को मिली गुप्ता सूचना
प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि धातकीडीह क्षेत्र में अवैध रूप से शराब का भंडारण और बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कई प्लास्टिक जेरी कैन, बोतलों और अन्य कंटेनरों में भरी अवैध शराब बरामद की गई। साथ ही शराब बनाने और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी जब्त की गई है।
जारी बयान में बताया जिला पदाधिकारी
जिला पदाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी बयान में बताया गया कि अवैध शराब के निर्माण और तस्करी में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में इस तरह के गैरकानूनी धंधे को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना
स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध शराब का कारोबार लंबे समय से क्षेत्र के लिए चिंता का विषय बना हुआ था। ऐसे में प्रशासन की यह कार्रवाई आम जनता की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।
आम नागरिकों से प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आगे भी ऐसे ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी रहेगी और अवैध कारोबारियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।