Jamshedpur News: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नामदा बस्ती निवासी कन्हैया यादव की टाटा मेन अस्पताल (टीएमएच) में इलाज के दौरान बुधवार शाम मौत हो गई. उनकी मौत के बाद पूरे इलाके में दहशत और भारी आक्रोश देखा जा रहा है.
बता दें कि बुधवार सुबह गोलमुरी थाना से कुछ ही दूरी पर स्थित टीनप्लेट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में टहलने के बाद बैठे कन्हैया यादव पर अज्ञात बदमाशों ने सिर और छाती में गोली चला दी. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई.
जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने इस हत्या को शहर की गिरती कानून-व्यवस्था का भयावह उदाहरण बताया. उन्होंने एसएसपी से फोन पर बात कर मामले का जल्द खुलासा, दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि थाना के पास दिनदहाड़े हत्या इस बात का प्रमाण है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस प्रशासन पूरी तरह विफल हो चुका है.
उन्होंने यह भी कहा कि जब शहर को आतंकी खतरे को लेकर हाई अलर्ट पर रहने की चेतावनी मिल चुकी है, ऐसे समय में शहर के बीचोंबीच हत्या हो जाना और अपराधियों का फरार हो जाना पुलिस की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है. इससे आम नागरिकों में भय का माहौल बन गया है.
जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि यदि शीघ्र दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और कानून-व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो भाजपा सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी. उन्होंने प्रशासन से 24 घंटे के भीतर अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की.
पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन यादव ने कहा कि यह घटना राज्य की ध्वस्त कानून-व्यवस्था का ज्वलंत प्रमाण है. उन्होंने कहा कि आम लोग अब खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और सरकार अपराध पर नियंत्रण में पूरी तरह विफल है.
गोलमुरी मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय ने निष्पक्ष जांच, अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को सुरक्षा व मुआवजा देने की मांग की. उन्होंने कहा कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी.