Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-02-11

Jharkhand News: नगर निकाय चुनाव से पहले 41 वार्डों में निर्विरोध जीत, तीन सीटें रहीं खाली

Jharkhand News: झारखंड में होने वाले नगर निकाय चुनाव से पहले ही कई वार्डों में नतीजे तय हो गए हैं. राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार 41 वार्डों में केवल एक-एक उम्मीदवार के नामांकन होने के कारण वहां पार्षदों का निर्विरोध निर्वाचन हो गया है. वहीं, तीन वार्ड ऐसे भी रहे जहां एक भी प्रत्याशी ने पर्चा दाखिल नहीं किया, जिससे ये सीटें फिलहाल खाली रह गई हैं.

राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधे श्याम प्रसाद ने बताया कि कोडरमा जिले के डोमचांच नगर पंचायत के वार्ड संख्या 5 और 11 तथा जमशेदपुर के मानगो नगर निगम के वार्ड संख्या 22 में किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन नहीं किया. इसके चलते इन वार्डों में चुनाव नहीं हो पाएंगे और आगे की प्रक्रिया आयोग तय करेगा.

उन्होंने बताया कि राज्य के 48 शहरी स्थानीय निकायों में 23 फरवरी को मतदान कराया जाएगा और 27 फरवरी को मतगणना होगी. इस चुनाव में 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायतों के महापौर या अध्यक्ष पदों सहित कुल 48 शीर्ष पदों और 1,087 वार्ड पार्षद पदों के लिए मतदान होगा.

नामांकन की प्रक्रिया 29 जनवरी से शुरू होकर 4 फरवरी तक चली थी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 6 फरवरी थी. आयोग के अनुसार महापौर और अध्यक्ष पद के लिए कुल 562 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 235 महिलाएं हैं. वहीं वार्ड पार्षद पद के लिए 5,569 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें 2,727 महिलाएं शामिल हैं.

इन चुनावों में राज्यभर के 43.33 लाख से अधिक मतदाता वोट डालेंगे, जिनमें 21.26 लाख महिला मतदाता हैं. मतदान के लिए कुल 4,304 केंद्र बनाए गए हैं. इनमें से 896 को अतिसंवेदनशील और 2,445 को संवेदनशील घोषित किया गया है.

गौरतलब है कि झारखंड में नगरीय निकाय चुनाव दलों के चुनाव चिह्न पर नहीं होते हैं, हालांकि प्रत्याशियों को विभिन्न राजनीतिक दलों का समर्थन मिलता है. चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !