Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-02-09

Chaibasa News: नगरपालिका निर्वाचन-2026 को लेकर समाहरणालय में समीक्षा बैठक, तैयारियों पर मंथन

Chaibasa News: नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 के सफल संचालन को लेकर सोमवार को पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय के सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी नगरपालिका सह उपायुक्त चंदन कुमार ने की. इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमित रेनू, चाईबासा नगर परिषद (वर्ग-ख) के सामान्य प्रेक्षक एजाज अनवर एवं व्यय प्रेक्षक विनय शंकर, चक्रधरपुर नगर परिषद (वर्ग-ख) के सामान्य प्रेक्षक उत्तम प्रसाद एवं व्यय प्रेक्षक वीरेंद्र प्रताप सिंह मौजूद रहे.

बैठक में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, सहायक समाहर्ता सिद्धांत कुमार, सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारी, तथा अध्यक्ष और वार्ड पार्षद पद के सभी निर्वाची पदाधिकारी भी शामिल हुए. बैठक में चुनाव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई.

मतदाता और मतदान केंद्रों की जानकारी
अधिकारियों ने बताया कि जिले के अंतर्गत चाईबासा एवं चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र में कुल 44 वार्ड हैं. यहां 87 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें कुल 81,609 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.

आगामी सोमवार 23 फरवरी 2026 को होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए कुल 545 मतदान कर्मियों (रिजर्व सहित) का द्वितीय रेंडमाइजेशन कर मतदान दलों का गठन कर लिया गया है.

मतपेटी और वाहनों की व्यवस्था
बैठक में जानकारी दी गई कि बैलट पेपर से मतदान कराने के लिए चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र में 136 तथा चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र में 108 मतपेटियों का उपयोग किया जाएगा. निर्वाचन कार्यों के लिए कुल 100 वाहनों की व्यवस्था भी की गई है.

बज्रगृह और प्रस्थान स्थल
नगरपालिका निर्वाचन-2026 के तहत महिला कॉलेज, चाईबासा में बज्रगृह एवं मतगणना कक्ष स्थापित किया गया है. वहीं टाटा कॉलेज, चाईबासा से मतदान दलों को निर्धारित समय पर मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा.

आचार संहिता और निगरानी
आदर्श आचार संहिता के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए एसएसटी, एफएसटी और वीएसटी टीमों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है. व्यय निगरानी के लिए चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र में 4 और चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र में 7 एसएसटी टीमों का गठन किया गया है, जबकि दोनों क्षेत्रों में दो-दो एफएसटी दल भी सक्रिय हैं.

हेल्पलाइन और प्रशिक्षण
चुनाव से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए निर्वाचन समाप्ति तक हेल्पलाइन सह नियंत्रण कक्ष मोबाइल नंबर 9835220231 पर संचालित किया जाएगा. इसके साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेट, सेक्टर पुलिस बल और मतदान दल को स्कॉट बालिका मध्य विद्यालय, चाईबासा में प्रथम प्रशिक्षण दिया जा चुका है.

सुरक्षा के मद्देनज़र सभी मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर आवश्यक प्रबंध किए गए हैं ताकि मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !