Jamshedpur News: झारखंड की होनहार बेटी श्रेया अधरजी ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल कर राज्य का नाम रोशन किया है. हाल ही में उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में आयोजित राष्ट्रीय महिला फिजिक्स (फिटनेस) प्रतियोगिता में श्रेया ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता और साथ ही मिस इंडिया 2026 का खिताब अपने नाम किया.
इस बड़ी सफलता पर रविवार को सृष्टि महिला विकास सहयोग समिति की अध्यक्ष रानी गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल सोनारी आदर्श नगर स्थित श्रेया के आवास पहुंचा. वहां श्रेया अधरजी का पट्टा पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य और आत्मीय स्वागत किया गया.
पिछले छह वर्षों से लगातार कड़ी मेहनत कर रही थी
सम्मान समारोह के दौरान रानी गुप्ता ने कहा कि वरिष्ठ पत्रकार की पुत्री श्रेया अधरजी पिछले छह वर्षों से लगातार कड़ी मेहनत कर रही हैं. उन्होंने अब तक दो बार राज्य स्तर और तीन बार राष्ट्रीय स्तर की महिला फिजिक्स प्रतियोगिताओं में भाग लेकर झारखंड को गौरवान्वित किया है. हाल ही में लखनऊ में आयोजित प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर उन्होंने मिस इंडिया 2026 का खिताब भी हासिल किया.
रानी गुप्ता ने कहा कि श्रेया की यह सफलता न केवल जमशेदपुर बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है. समिति की ओर से श्रेया को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं और आशा जताई गई कि वह आगे भी इसी तरह देश और राज्य का नाम रोशन करती रहेंगी.
उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड सरकार को राज्य की प्रतिभाशाली बेटियों को आगे बढ़ने के लिए हर संभव सहयोग देना चाहिए, ताकि भविष्य में और भी बेटियां राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफलता हासिल कर सकें.