Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-02-06

Palamu News: नवजात की मौत के दो दिन बाद एमएमसीएच में बवाल, न्याय की मांग को लेकर परिजनों का प्रदर्शन

Palamu: पलामू जिले के मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में शुक्रवार को उस वक्त तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब एक नवजात शिशु की मौत को लेकर परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। मृत नवजात के परिजनों ने डॉक्टरों और स्टाफ पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। इस दौरान करीब एक घंटे तक अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

हंगामे की सूचना मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आया। मौके पर पहुंचे अस्पताल अधीक्षक ने परिजनों से बातचीत की और उन्हें निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। अधीक्षक ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है, तो दोषी डॉक्टरों या कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद जाकर परिजन शांत हुए।

बुधवार को अस्पताल में कराया गया था प्रसव
जानकारी के अनुसार, पड़वा थाना क्षेत्र के राजहरा गांव निवासी रवियान्स कुमार अपनी पत्नी सानिया कुमारी को बुधवार को प्रसव के लिए एमएमसीएच के महिला वार्ड में लेकर आए थे। अस्पताल में सानिया कुमारी का सामान्य प्रसव कराया गया। परिजनों के अनुसार, प्रसव के बाद शुरू में सब कुछ सामान्य लग रहा था।

प्रसव के कुछ ही देर बाद नवजात की मौत
हालांकि, प्रसव के लगभग आधे घंटे बाद नवजात की हालत अचानक बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि समय रहते उचित इलाज और निगरानी नहीं की गई, जिससे नवजात की जान चली गई। बच्चे की मौत से परिजन गहरे सदमे में आ गए।

नवजात की मौत के बाद परिजन बच्चे के शव को अपने साथ घर ले गए और उसका अंतिम संस्कार कर दिया। इसके दो दिन बाद, शुक्रवार को परिजन फिर से अस्पताल पहुंचे और न्याय की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

फिलहाल अस्पताल प्रशासन ने मामले की जांच कराने की बात कही है। वहीं परिजन दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि नवजात की मौत के पीछे वास्तव में क्या कारण रहे।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !