Saraikela: कांड्रा थाना क्षेत्र के पदमपुर गांव में गुरुवार तड़के सुबह करीब 4:30 बजे नीरज बैरा और प्रधान माझी के होटल में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही मिनटों में दोनों होटल धू-धू कर जलने लगे और देखते ही देखते पूरी तरह खाक हो गए।
दो होटल पूरी तरह जले
घटना के समय कांड्रा थाना पुलिस क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान आग की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत आधुनिक पावर कंपनी के अग्निशमन वाहन को मौके पर बुलाया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों होटल पूरी तरह जल चुके थे।
सामग्री जलकर पूरी तरह नष्ट
इस अग्निकांड में नीरज बैरा के होटल का सारा फर्नीचर, किचन का सामान, बर्तन, गैस सिलेंडर और अन्य आवश्यक सामग्री जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। वहीं प्रधान माझी का होटल, जो अधिकांश समय बंद ही रहता था, उसमें रखा सारा सामान भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह स्वाहा हो गया।
मामले की गहन जांच जारी
आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है। हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है।
किसी प्रकार की जनहानि नहीं, लाखों के नुकसान की आशंका
इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन दोनों होटल संचालकों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने तक अफवाहों से बचें और प्रशासन का सहयोग करें।