Jamshedpur: जमशेदपुर में झारखंड पैरालंपिक समिति (पीसीजे) के समर्थन से 25वीं राज्य पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 और 6वीं राज्य पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 7 से 8 फरवरी तक जमशेदपुर के जे.आर.डी. टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित हो रही है।
करीब डेढ़ सौ दिव्यांग खिलाड़ी ले रहे भाग
दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में झारखंड के 18 जिलों से करीब डेढ़ सौ दिव्यांग खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जो विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। आयोजन से जुड़े पूर्वी घोष ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को एक मजबूत मंच प्रदान करना है, ताकि वे अपनी खेल क्षमता को निखार सकें और राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार हो सकें।
खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम
चैंपियनशिप के अंतर्गत पैरा एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं के साथ-साथ पैरा बैडमिंटन के मुकाबले भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक है। आयोजन समिति की ओर से खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं। उनके ठहरने, भोजन और चिकित्सा सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा गया है, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
दिव्यांगजनों के प्रति सकारात्मक सोच का मिला संदेश
प्रतियोगिता स्थल पर खिलाड़ियों के साथ उनके प्रशिक्षक और अभिभावकों की भी अच्छी मौजूदगी देखी जा रही है। इस आयोजन के माध्यम से न केवल खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है, बल्कि समाज में दिव्यांगजनों के प्रति सकारात्मक सोच को भी प्रोत्साहित करने का संदेश दिया जा रहा है।