Palamu: हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध खरीद–बिक्री के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 8.6 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। सभी अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज रह चुके हैं।
गांजा की अवैध रूप से खरीद–बिक्री
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 02 फरवरी 2026 को पूर्वाह्न लगभग 11:50 बजे हुसैनाबाद थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली कि थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मधुशाला रोड, जपला में कुछ लोग अपने घरों में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर अवैध रूप से उसकी खरीद–बिक्री कर रहे हैं।
विशेष छापामारी दल का हुआ गठन
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पलामू के वरीय पुलिस पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया गया। उनके निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हुसैनाबाद एस. मो. याकूब के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी के दौरान बरामद सामान
छापामारी दल ने मधुशाला रोड, जपला स्थित संबंधित घरों की घेराबंदी कर बारी-बारी से विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान तीनों घरों से संयुक्त रूप से 8.6 किलोग्राम गांजा, एक तांबे का छोटा तराजू, एक इलेक्ट्रिक वेइंग मशीन तथा गांजा की पुड़िया बनाने में प्रयुक्त लगभग 02 किलोग्राम प्लास्टिक पैकेट बरामद किए गए। सभी बरामद सामानों को विधिवत जप्त कर सीलबंद कर दिया गया।
चार आरोपी गिरफ्तार व उनकी पहचान
इस कार्रवाई में संलिप्त चार अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान उदय प्रसाद उर्फ बबलू गुप्ता (44 वर्ष), अनिता देवी (42 वर्ष), दुर्गा देवी (45 वर्ष), सबिता देवी (46 वर्ष) के रूप में हुई। यह सभी अभियुक्त मधुशाला रोड, जपला, थाना हुसैनाबाद, जिला पलामू के निवासी हैं। हुसैनाबाद थाना में संबंधित धाराओं के तहत कांड दर्ज कर सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध बिक्री के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।