Jharkhand: झारखंड में इन दिनों मौसम दो अलग-अलग रंग दिखा रहा है। फरवरी की शुरुआत के साथ ही राज्य के अधिकांश इलाकों में तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। दिन के वक्त तेज धूप लोगों को गर्मी का अहसास करा रही है, जबकि सुबह और शाम के समय ठंडी हवाएं अब भी लोगों को गर्म कपड़े पहनने पर मजबूर कर रही हैं। यही कारण है कि दोपहर में लोग हल्के कपड़ों में नजर आते हैं, लेकिन शाम ढलते ही स्वेटर और जैकेट का सहारा लेना पड़ रहा है।
मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल यह स्थिति कुछ दिनों तक बनी रह सकती है और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं।
रांची समेत कई जिलों में साफ रहेगा आसमान
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार आज झारखंड के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना है। राजधानी रांची में दिन का तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। यहां आर्द्रता लगभग 42 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जबकि 12 से 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
रांची में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।
गुमला में ठंड का असर बरकरार, धनबाद-खूंटी में भी हल्की ठंड
राज्य के कुछ हिस्सों में अभी भी ठंड का असर साफ तौर पर देखा जा रहा है। गुमला जिले में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
धनबाद में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं खूंटी जिले में भी मौसम कुछ ऐसा ही बना रहेगा, जहां अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
बीते 24 घंटों में दिखा तापमान का बड़ा अंतर
अगर पिछले 24 घंटों की बात करें तो झारखंड में तापमान का अंतर काफी स्पष्ट नजर आया। गुमला में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो ठंड की मौजूदगी को दर्शाता है। वहीं चाईबासा में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे दोपहर में लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा।
राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
दोपहर में चुभती धूप, सुबह और शाम ठिठुरन
झारखंड के कई जिलों में दोपहर के समय तेज धूप निकल रही है, खासकर 12 बजे से 2 बजे के बीच मौसम काफी सुहावना महसूस हो रहा है। इस दौरान बिना स्वेटर के भी ठंड का एहसास नहीं होता। हालांकि सुबह और शाम के समय ठंडी हवाएं लोगों को फिर से गर्म कपड़ों की याद दिला देती हैं।
दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी झारखंड के जिलों में यह बदलाव ज्यादा देखने को मिल रहा है। देवघर, गोड्डा, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी व पूर्वी सिंहभूम और सिमडेगा जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं इन इलाकों में अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी का असर और बढ़ सकता है।