Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-02-02

NSU Jamshedpur: राजेंद्र विद्यालय सभागार में ‘फेस्टिवा’ का भव्य शुभारंभ, 1500 विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मोहा मन, ‘उड़ान’ पुरस्कार की हुई शुरुआत

Jamshedpur: नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल एवं मदन मोहन पब्लिक स्कूल का चौथा वार्षिक महोत्सव ‘फेस्टिवा’ का पहला दिन राजेंद्र विद्यालय के सभागार में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल की तीनों शाखाओं — किताडीह, परसूडीह एवं बिरसानगर — तथा मदन मोहन पब्लिक स्कूल, आदित्यपुर के लगभग 1500 छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक भी उपस्थित रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ नेताजी संस्था समूह के प्रधान एवं नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री मदन मोहन सिंह, उनकी धर्मपत्नी एवं नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की प्रबंध निदेशक श्रीमती विभा सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इसके पश्चात विद्यार्थियों ने गणेश वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की। बच्चों ने सांस्कृतिक, क्षेत्रीय, बॉलीवुड एवं देशभक्ति नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत लघु नाटकों के माध्यम से वृद्धाश्रम की कटु सच्चाई, महिला सशक्तिकरण जैसे सामाजिक विषयों को प्रभावशाली ढंग से मंच पर उकेरा गया। दादा-दादी एवं नाना-नानी के सम्मान में प्रस्तुत विशेष नृत्य ने सभागार में उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान चारों शाखाओं में अकादमिक एवं उपस्थिति के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उनके अभिभावकों एवं वरिष्ठ परिजनों को मंच पर आमंत्रित कर पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस अनूठी पहल की अभिभावकों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की।

इस वर्ष से एक नए पुरस्कार ‘उड़ान’ की भी शुरुआत की गई, जिसका उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को पहचान देना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए मंच प्रदान करना है। ‘उड़ान’ पुरस्कार के पहले वर्ष में मदन मोहन पब्लिक स्कूल, आदित्यपुर को सात, परसूडीह शाखा को तीन एवं बिरसानगर शाखा को दो पदक प्राप्त हुए। नर्सरी से कक्षा पांचवीं तक की सभी शाखाओं के पाठ्येतर गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। वार्षिक महोत्सव ‘फेस्टिवा’ के दूसरे दिन, 3 फरवरी को पोखारी, बारीडीह, कदमा एवं गोविंदपुर शाखाओं के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !