Municipal Elections: राज्य में होने वाले 48 नगर निकाय चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने समर्थित प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए हैं. चूंकि ये चुनाव पार्टी सिंबल पर नहीं लड़े जा रहे हैं, इसलिए भाजपा की ओर से किसी भी नाम की औपचारिक घोषणा नहीं की गई है. पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रत्याशियों को व्यक्तिगत रूप से फोन कर जानकारी दी जा रही है.
समर्थन के साथ शुरू हुआ अंदरूनी बवाल
नाम तय होते ही पार्टी के भीतर असंतोष भी सामने आने लगा है. धनबाद के पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने सोमवार को दुमका में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में झामुमो की सदस्यता ले ली. वहीं धनबाद से ही भाजपा के पूर्व विधायक संजीव सिंह भी मंगलवार को नामांकन दाखिल कर सकते हैं, जिससे पार्टी में बगावत के संकेत मिल रहे हैं.
इन नगर निगमों के लिए तय हुए नाम
भाजपा ने रांची नगर निगम के लिए दो बार पार्षद रही रोशनी खलखो, धनबाद के लिए संजीव अग्रवाल, चास के लिए अविनाश कुमार, आदित्यपुर के लिए प्रभाषिनी कांडूलिया, मानगो के लिए संध्या सिंह, दुमका के लिए अमिता रक्षित, चक्रधरपुर के लिए विजय गगराई, मेदनीनगर के लिए अरुणा शंकर, हजारीबाग के लिए सुरेश चंद्रवंशी, गिरिडीह के लिए शैलेंद्र चौधरी, गढ़वा के लिए कंचन जायसवाल, देवघर के लिए रीता चौरसिया और लातेहार के लिए महेश सिंह को समर्थन देने का फैसला किया है.
वहीं, जुगसलाई नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए भाजपा ने रिंकू सिंह को समर्थित उम्मीदवार घोषित किया है.
राष्ट्रीय नेतृत्व की मौजूदगी में हुआ मंथन
सोमवार को हुई भाजपा प्रदेश संगठन की अहम बैठक में सभी नामों पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा विशेष रूप से मौजूद रहीं.
प्रदेश के दिग्गज रहे शामिल
इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, मधु कोड़ा, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय, दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बड़कुंवर गगराई और भानु प्रताप शाही समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे. इससे पहले रविवार को भी कोर कमेटी ने प्रत्याशी चयन को लेकर दिनभर बैठक की थी.