Bokaro News: बोकारो जिले में लगातार दो दिनों के भीतर दो महिलाओं के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी और डर का माहौल है. दोनों ही मामलों में महिलाओं के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है.
महिला का अर्धनग्न शव बरामद
पहली घटना दो दिन पहले सेक्टर-6 थाना क्षेत्र की है. यहां जंगल में एक महिला का अर्धनग्न शव बरामद किया गया था. महिला के साथ दुष्कर्म किए जाने के बाद उसका सिर पत्थर से कुचल दिया गया था. इस मामले की जांच अभी पूरी भी नहीं हो पाई थी कि दूसरी वारदात सामने आ गई.
झाड़ियों से एक महिला का अधजला शव
दूसरी घटना बोकारो के चंदनक्यारी थाना क्षेत्र के हिरटांड़ की है. यहां झाड़ियों से एक महिला का अधजला शव पुलिस ने बरामद किया हत्या के बाद शव को जलाने की कोशिश की गई थी. जानकारी के अनुसार, मृत महिला बोकारो सेक्टर-2 की रहने वाली थी और पिछले कुछ दिनों से लापता थी. खोज के दौरान ही परिजनों को शव मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद चंदनक्यारी पहुंचकर उन्होंने शव की पहचान की.
घटना की सूचना मिलते ही बोकारो एसपी हरविंदर सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि महिला की हत्या कर शव को जंगल की झाड़ियों में फेंका गया है और बाद में उसे जलाने का प्रयास किया गया. दुष्कर्म की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.
लगातार दो महिलाओं की इस तरह से हत्या और शव झाड़ियों में फेंके जाने की घटनाओं के बाद बोकारो के लोगों में डर और आक्रोश है. लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि क्या जिले में कोई सीरियल अपराधी सक्रिय है. फिलहाल पुलिस दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी है.