Ranchi: भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार सख्त कदम उठा रही एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस क्रम में रांची जिले के बुंडू प्रखंड से पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में पदस्थापित ब्लॉक कोऑर्डिनेटर जगन्नाथ गोप को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
लिखित शिकायत दर्ज
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी अधिकारी ने एक सरकारी योजना से जुड़े बिल के भुगतान और प्रशासनिक स्वीकृति देने के बदले संबंधित लाभुक से रिश्वत की मांग की थी। इस अवैध मांग से परेशान होकर पीड़ित व्यक्ति ने रांची स्थित एंटी करप्शन ब्यूरो कार्यालय में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
एसीबी की टीम ने पूरी रणनीति के तहत जाल बिछाया
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रारंभिक जांच कराई। जांच के दौरान यह पुष्टि हुई कि जगन्नाथ गोप द्वारा वास्तव में रिश्वत की मांग की जा रही थी। इसके बाद एसीबी की टीम ने पूरी रणनीति के तहत जाल बिछाया।
एसीबी की टीम ने रंगे हाथ पकड़ा
निर्धारित योजना के अनुसार, जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये की नकद राशि स्वीकार की, मौके पर पहले से तैनात एसीबी की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया। रिश्वत की राशि भी मौके से बरामद कर ली गई।
रिश्वतखोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी को अपने साथ रांची ले आई है, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई से विभागीय स्तर पर हड़कंप मच गया है। एसीबी की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और कड़ा संदेश माना जा रहा है कि रिश्वतखोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।