Jamshedpur Breaking: मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड ने मेयर पद पर अपना दावा ठोक दिया है. जदयू ने भाजपा से आग्रह किया है कि एनडीए के साझा उम्मीदवार के रूप में यह सीट जनता दल यूनाइटेड के लिए छोड़ी जाए, ताकि गठबंधन की ओर से एक मजबूत प्रत्याशी मैदान में उतारा जा सके. पार्टी का कहना है कि उसके पास इस पद के लिए एक से अधिक सक्षम चेहरे मौजूद हैं.
मानगो मेयर सीट पर जदयू ने ठोका दावा
रविवार को जदयू जमशेदपुर महानगर के प्रमुख नेताओं ने जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय से उनके आवासीय कार्यालय में मुलाकात की. इस दौरान संगठन की ओर से मानगो मेयर सीट को लेकर अपनी मांग रखी गई. बैठक में इस बात पर सहमति जताई गई कि एनडीए का मेयर उम्मीदवार ऐसा होना चाहिए, जिसके पास मजबूत संगठनात्मक ढांचा, सामाजिक आधार, जनसमर्थन और कार्यकर्ताओं की पूरी ताकत हो, ताकि गठबंधन की जीत सुनिश्चित की जा सके.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू से हुई बातचीत
सरयू राय ने नेताओं को बताया कि इस विषय पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू से भी बातचीत हो चुकी है और आगे भी इस मुद्दे पर चर्चा की जाएगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जदयू कार्यकर्ताओं की भावना को भाजपा नेतृत्व तक मजबूती से रखा जाएगा. जदयू नेताओं ने उम्मीद जताई कि एनडीए गठबंधन जदयू की राजनीतिक ताकत, सामाजिक पकड़ और जनाधार को देखते हुए मानगो मेयर सीट पर सम्मानजनक और न्यायोचित फैसला लेगा.
बन्ना गुप्ता पत्नी को आगे कर लड़ना चाहते है चुनाव
इस दौरान विपक्ष पर भी हमला बोला गया. नेताओं ने कहा कि पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता अपनी पत्नी को आगे कर मानगो मेयर का चुनाव लड़ना चाहते हैं, जिसे जनता समझ चुकी है. उन्होंने आरोप लगाया कि जनता उनके कार्यकाल से जुड़े भ्रष्टाचार को नहीं भूली है और इस बार ऐसे आचरण को करारा जवाब देगी. जदयू का कहना है कि मानगो की जनता एक साफ सुथरे और मजबूत उम्मीदवार को चाहती है और एनडीए अगर एकजुट होकर मैदान में उतरा तो जीत तय है.
बैठक में प्रतिनिधिमंडल में पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, कुलविंदर सिंह पन्नू और युवा जदयू जिला अध्यक्ष नीरज सिंह शामिल थे.