Dhanbad News: धनबाद में शनिवार को पार्किंग को लेकर बड़ा विवाद हो गया, जो देखते-देखते हिंसक झड़प में बदल गया. यह घटना पंचकर्म भवन और बार एसोसिएशन के आसपास हुई, जहां वकीलों और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े लोगों के बीच जमकर पथराव हुआ. इस घटना में तीन वकील घायल हो गए हैं.
मामले की शुरुआत उस समय हुई जब स्वास्थ्य विभाग की ओर से रात के दौरान एक पक्की दीवार खड़ी कर दी गई. वकीलों का आरोप है कि यह दीवार उनकी पार्किंग की जगह को रोकने के लिए बनाई गई, जिससे नाराज होकर उन्होंने विरोध शुरू किया. दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए.
तीन वकील घायल
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी और महासचिव जितेंद्र कुमार ने कहा कि अस्पताल पक्ष की ओर से पहले पथराव किया गया, जिसमें तीन वकील घायल हुए. उन्होंने बताया कि इस घटना से जुड़े वीडियो और फुटेज पुलिस को सौंप दिए गए हैं.
वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कुछ वकील दीवार तोड़ते और पथराव करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं. इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी आरोप लगाए जा रहे हैं.
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है. फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.