Budget Session: नई दिसंसद के बजट सत्र की शुरुआत 28 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दोनों सदनों के संयुक्त संबोधन से हुई. अपने भाषण में राष्ट्रपति ने देश की प्रगति, सरकार की उपलब्धियों, सुरक्षा अभियानों, अर्थव्यवस्था और नए ग्रामीण कानून पर विस्तार से बात की. उन्होंने पिछले वर्ष को भारत के तेज विकास और सांस्कृतिक विरासत के उत्सव का वर्ष बताया.
“वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूरे
राष्ट्रपति ने कहा कि देशभर में “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूरे होने का उत्सव मनाया जा रहा है. इस अवसर पर देशवासी इसके रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय को श्रद्धांजलि दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह गीत देशभक्ति और प्रेरणा का प्रतीक है.
G RAM G कानून पर सरकार और विपक्ष आमने-सामने
राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में “विकसित भारत – G RAM G कानून” का उल्लेख किया. उन्होंने बताया कि यह कानून ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और विकास को बढ़ावा देने के लिए बनाया गया है। इसके तहत गांवों में लोगों को 125 दिनों के रोजगार की गारंटी दी जाएगी.
इस कानून का जिक्र होते ही सत्ता पक्ष के सांसदों ने मेज थपथपाकर समर्थन जताया, जबकि विपक्ष ने विरोध करते हुए इसे वापस लेने की मांग की और सदन में हंगामा किया.
ऑपरेशन सिंदूर और सेना की ताकत
राष्ट्रपति ने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि पूरी दुनिया ने भारतीय सेना का साहस और पराक्रम देखा है। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना ने आतंकवादी ठिकानों को नष्ट किया. साथ ही सरकार “मिशन सुदर्शन चक्र” पर भी काम कर रही है, जिससे देश की सुरक्षा और मजबूत होगी.
अर्थव्यवस्था पर भरोसा
अर्थव्यवस्था को लेकर राष्ट्रपति ने कहा कि दुनिया इस समय कठिन दौर से गुजर रही है और वैश्विक परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं. इसके बावजूद भारत लगातार तेज विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है.
विदेश नीति और ग्लोबल साउथ की भूमिका
राष्ट्रपति ने भारत की विदेश नीति की सराहना करते हुए कहा कि दूरदर्शी नीति के कारण दुनिया के देश भारत पर भरोसा कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि भारत अंतरराष्ट्रीय मंच पर देशों के बीच सेतु की भूमिका निभा रहा है.
उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने ग्लोबल साउथ की आवाज को मजबूती से उठाया है और वैश्विक राजनीति का अंतिम उद्देश्य मानवता की सेवा होना चाहिए.
संदेश का सार
अपने संबोधन के अंत में राष्ट्रपति ने कहा कि भारत कठिन परिस्थितियों के बावजूद तेजी से आगे बढ़ रहा है और सरकार देश के विकास, सुरक्षा और ग्रामीण कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है.