Jamshedpur: सुंदरनगर थाना क्षेत्र के बयांगबिल गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में 21 वर्षीय युवक चंदन हो की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चंदन खेत में काम कर रहा था, तभी अचानक एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना भयावह था कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
परिजन रो-रोकर बेहाल
घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के परिजन रो-रोकर बेहाल हैं और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
ट्रैक्टर चालक से पूछताछ की जा रही
सूचना मिलने पर सुंदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रैक्टर चालक से पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खेतों में भारी वाहनों के लापरवाही से चलाने के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रैक्टर और अन्य भारी वाहनों के संचालन पर सख्त निगरानी रखी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।