Chaibasa: पश्चिम सिंहभूम जिले के जटेया थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंदीरझोर गांव के पास से एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। जहां गणतंत्र दिवस के अवसर पर लगे मेले से लौट रहे ग्रामीणों से भरा एक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस हादसे में महिलाओं और पुरुषों समेत करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जबकि कुछ अन्य को भी हल्की-फुल्की चोटें आई हैं।
वाहन अचानक अनियंत्रित होने से वाहन पलटा
मिली जानकारी के अनुसार, सभी ग्रामीण गणतंत्र दिवस मेला देखकर एक ही वाहन में सवार होकर कुंदीरझोर गांव लौट रहे थे। जैसे ही वाहन परमसाई टोला के पास एक मोड़ पर पहुंचा, चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और वाहन पलट गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
काफी इंतज़ार के बावजूद एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची
दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। घायलों को तत्काल इलाज की जरूरत थी। ग्रामीणों द्वारा 108 एंबुलेंस सेवा को कॉल किया गया, लेकिन काफी इंतज़ार के बावजूद एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची।
मुखिया ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
ऐसे में गांव के मुखिया जेना पूर्ति ने मानवीय पहल दिखाते हुए अपने निजी खर्च पर एक वाहन की व्यवस्था की और सभी घायलों को इलाज के लिए टिस्को अस्पताल, नोवामुंडी भिजवाया। अस्पताल में सभी घायलों का इलाज जारी है, जहां दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस की जांच जारी
घटना की सूचना मिलने पर जटेया थाना की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।