Seraikela News: सरायकेला जिले के पठानमारा इलाके में रविवार दोपहर एक मालवाहक ऑटो में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग इतनी तेज हो गई कि ऑटो में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया.
जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक बबन सिंह जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल के पास रहते हैं. वे अपने ऑटो में पेंट और तारपीन जैसे ज्वलनशील पदार्थ लेकर चाईबासा की ओर जा रहे थे. रास्ते में पठानमारा के पास अचानक ऑटो से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में आग भड़क उठी.
चालक ने ऑटो से कूदकर अपनी जान बचाई
आग लगते ही चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए ऑटो से कूदकर अपनी जान बचाई. हालांकि, ऑटो में रखा लाखों रुपये का सामान आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गया.
घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग को बुलाया गया. दमकल कर्मियों और पुलिस ने बालू व मिट्टी की मदद से आग पर काबू पाया.
फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं. इस घटना से आसपास के लोगों में डर का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग की तेजी से की गई कार्रवाई की सराहना की.