Jamshedpur: राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता अभियान के तहत 25 जनवरी 2026 को बागबेड़ा कॉलोनी प्राथमिक विद्यालय, रोड नंबर–1 स्थित अंबेडकर विद्यालय में बनाए गए बूथ संख्या 19 एवं 20 पर भारी लापरवाही देखने को मिली। निर्धारित समय के अनुसार दोपहर 2:00 बजे तक भी बूथों पर किसी भी बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के नहीं पहुंचने से स्थानीय मतदाता काफी परेशान नजर आए।
बूथ संख्या 19 और 20 दोनों बंद
इस संबंध में बागबेड़ा महानगर विकास समिति के अध्यक्ष एवं जिला भाजपा मुख्यालय प्रभारी जमशेदपुर सुबोध झा को स्थानीय जनता ने सूचना दी कि सरकार की ओर से नियुक्त बीएलओ बूथ पर उपस्थित नहीं हैं। सूचना मिलने के बाद सुबोध झा, सूरज ओझा, पवित्रा पांडे, संजय सिंह एवं सरोजनी देवी ने मौके पर पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया, जहां बूथ संख्या 19 और 20 दोनों बंद पाए गए।
बड़ी संख्या में मतदाता बूथ पर पहुंचे
निरीक्षण के दौरान यह भी देखा गया कि बड़ी संख्या में मतदाता अपने नाम जोड़ने, नाम सुधारने और नाम हटाने जैसे कार्यों के लिए बूथ पर पहुंचे थे, लेकिन कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण निराश होकर उन्हें वापस अपने घर लौटना पड़ा।
बार-बार दिया गया झूठा आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए सुबोध झा, सूरज ओझा, सोनी चौधरी और पवित्रा पांडे ने फोन के माध्यम से संबंधित बीएलओ से संपर्क करने का प्रयास किया। इस दौरान बार-बार झूठा आश्वासन दिया गया, लेकिन इसके बावजूद दोपहर 2:00 बजे तक भी बीएलओ बूथ संख्या 19 एवं 20 पर उपस्थित नहीं हुईं।
घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने इस लापरवाही की सूचना फोन के माध्यम से उच्च अधिकारियों को भी दी।
लोगों की मांग
लोगों ने मांग की कि संबंधित बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई की जाए और भविष्य में मतदाता सूची सुधार कार्य को सुचारू रूप से कराने के लिए बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करने का आदेश दिया जाए, ताकि किसी भी मतदाता को परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण अभियान में इस तरह की लापरवाही ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।