ICC की सख्ती, वेन्यू में बदलाव से साफ इनकार
बीते बुधवार को हुई ICC की महत्वपूर्ण बैठक में बांग्लादेश के उस प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया गया, जिसमें उन्होंने अपने मैच श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग की थी। ICC ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा आकलन में भारत को पूरी तरह सुरक्षित पाया गया है और शेड्यूल में अंतिम समय पर कोई बदलाव नहीं होगा। पाकिस्तान को छोड़कर, बोर्ड के अन्य सभी सदस्यों ने ICC के इस स्टैंड का समर्थन किया।
विवाद की जड़, IPL और मुस्तफिजुर रहमान
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब BCCI के निर्देश पर मुस्तफिजुर रहमान को IPL 2026 के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम से रिलीज करने को कहा गया। इसके जवाब में बांग्लादेश ने अपने देश में IPL के प्रसारण पर रोक लगा दी और बाद में सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए विश्व कप के लिए टीम इंडिया भेजने से भी हिचक दिखाने लगा।
स्कॉटलैंड को क्यों मिलेगा मौका
आईसीसी रैंकिंग के नियमों के अनुसार, यदि कोई मुख्य टीम टूर्नामेंट से हटती है, तो रैंकिंग में सबसे ऊपर रहने वाली गैर-क्वालीफाइड टीम को मौका दिया जाता है। इस सूची में स्कॉटलैंड शीर्ष पर है। स्कॉटलैंड को ग्रुप-सी में रखा जाएगा, जहाँ बांग्लादेश को इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, नेपाल और इटली के साथ खेलना था। टूर्नामेंट का आयोजन 7 फरवरी से 8 मार्च 2026 तक भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होना है।
ICC अब किसी भी समय स्कॉटलैंड की भागीदारी की आधिकारिक घोषणा कर सकता है। हालांकि BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम अभी भी किसी चमत्कार की उम्मीद कर रहे हैं, लेकिन समय और वैश्विक समर्थन उनके पक्ष में नजर नहीं आ रहा है।