Chaibasa: चाईबासा के सारंडा जंगल में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान शुक्रवार को एक बार फिर नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई। नक्सलियों की ओर से की गई फायरिंग का सुरक्षा बलों ने पूरी मुस्तैदी के साथ जवाब दिया। इस जवाबी कार्रवाई में एक महिला नक्सली को मार गिराया गया है।
झारखंड पुलिस के आईजी (ऑपरेशन) डॉ. माइकल राज ने बताया कि नक्सल प्रभावित इलाके में झारखंड पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। इसी अभियान के दौरान शुक्रवार को एक और नक्सली का शव बरामद किया गया है। हालांकि मृत नक्सली की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
अब तक 16 नक्सली ढेर
आईजी ऑपरेशन के अनुसार, गुरुवार को हुए बड़े संयुक्त ऑपरेशन में 15 नक्सलियों को मार गिराया गया था, जिनमें से 13 की पहचान कर ली गई है। शुक्रवार को एक और शव मिलने के बाद मारे गए नक्सलियों की कुल संख्या बढ़कर 16 हो गई है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि इलाके में अब भी नक्सलियों की मौजूदगी से इनकार नहीं किया जा सकता, इसलिए तलाशी अभियान लगातार जारी है।
गुरुवार सुबह हुई थी भीषण मुठभेड़
यह अभियान किरीबुरू थाना क्षेत्र में चलाया जा रहा है, जहां 209 कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ और जिला पुलिस बल की संयुक्त टीम तैनात है। गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे सुरक्षा बलों की मुठभेड़ शीर्ष माओवादी नेता अनल उर्फ पतिराम मांझी के सशस्त्र दस्ते से हुई थी।
नक्सलियों की अंधाधुंध फायरिंग, जवानों की सतर्क जवाबी कार्रवाई
मुठभेड़ के दौरान नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के इरादे से भारी गोलीबारी की। जवानों ने संयम और सतर्कता के साथ आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें 15 नक्सलियों के शव मौके से बरामद किए गए।
हथियार और गोला-बारूद बरामद
सुरक्षा बलों ने अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और नक्सलियों के दैनिक उपयोग की सामग्री भी जब्त की है। अधिकारियों के मुताबिक ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा, जब तक इलाके को पूरी तरह सुरक्षित घोषित नहीं कर दिया जाता।