Jamshedpur: शहर की गलियों की खुशबू, स्मृतियों की नमी और पहले प्यार की मासूम धड़कनों को बेहद संवेदनशीलता के साथ उकेरती मिनी लव वेब सीरीज़ "जमशेदपुर इश्क़ और तुम" इन दिनों सोशल मीडिया पर लगातार सुर्खियां बटोर रही है। सादगी और भावनात्मक गहराई से भरपूर यह सीरीज़ दर्शकों के दिल को छूने में पूरी तरह सफल रही है।
इस प्रोजेक्ट का निर्देशन स्वयं अजिताभ बोस ने किया
यह वेब सीरीज़ मशहूर लेखक एवं प्रकाशक अजिताभ बोस के चर्चित उपन्यास "ये बारिश इश्क़ और तुम" पर आधारित है। खास बात यह है कि इस प्रोजेक्ट का निर्देशन भी स्वयं अजिताभ बोस ने किया है। कहानी पहले प्यार की नाज़ुक भावनाओं के साथ-साथ जमशेदपुर शहर से जुड़े गहरे लगाव को बेहद खूबसूरती से सामने लाती है। स्थानीय लोकेशंस पर फिल्माई गई यह सीरीज़ दर्शकों को भावनात्मक रूप से शहर से जोड़ देती है।
सहज अभिनय से बना कहानी और जीवंत
सीरीज़ में मुख्य किरदारों में नीरू शॉ और रितिक मज़ुमदार नज़र आ रहे हैं, जिन्होंने अपने सहज अभिनय से कहानी को और जीवंत बना दिया है। कैमरा संचालन की ज़िम्मेदारी शुभम सुरवे और हरिवंश प्रसाद ने संभाली है, जबकि शानदार ड्रोन शॉट्स विश्वजीत कुमार और तुषार सागर द्वारा फिल्माए गए हैं, जो जमशेदपुर की खूबसूरती को एक नए नज़रिये से दिखाते हैं।
इस सीरीज को बनाने में लोगों की भूमिका
सीरीज़ का प्रभावशाली नैरेशन रवि सोलंकी ने लिखा है और अपनी आवाज़ से उसे आत्मा दी है। एडिटिंग नवनीत ने की है, वहीं संगीत मंजोत सिंह खालसा का है, जो कहानी की भावनाओं को और गहराई प्रदान करता है। इस वेब सीरीज़ का निर्माण मीना बोस और निहारिका मिश्रा ने किया है।
जमशेदपुर में हुई शूटिंग
कुल छह एपिसोड की इस सीरीज़ की शूटिंग पूरी तरह जमशेदपुर में की गई है। अब तक इसके तीन एपिसोड रिलीज़ हो चुके हैं, जिन्हें सोशल मीडिया पर मिलियन से अधिक व्यूज़ मिल चुके हैं। खास बात यह है कि देशभर के दर्शकों के साथ-साथ जमशेदपुर के लोगों ने भी इस सीरीज़ को भरपूर प्यार दिया है।
"जमशेदपुर इश्क़ और तुम" फिलहाल अजिताभ बोस के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर उपलब्ध है, जहां दर्शक इस अनकही प्रेम कहानी को महसूस कर सकते हैं।
अजिताभ बोस उभरते लेखकों को मंच प्रदान करते
बता दें कि अजिताभ बोस अंग्रेज़ी के प्रतिष्ठित लेखक, प्रकाशक, उद्यमी, डिज़ाइनर और फिल्म मेकर हैं। भारत में पॉकेट बुक संस्कृति को लोकप्रिय बनाने में उनका अहम योगदान रहा है। वे अपना पब्लिकेशन हाउस भी संचालित करते हैं, जिसके ज़रिए वे नए और उभरते लेखकों को मंच प्रदान करते हैं।
अजिताभ बोस ने हिंदी में लिखी पुस्तक
हालांकि उनकी पहचान मुख्य रूप से अंग्रेज़ी लेखन के लिए है, लेकिन उन्होंने हिंदी में भी एक पुस्तक लिखी है, जिस पर यह वेब सीरीज़ आधारित है। उनकी लगभग हर रचना में जमशेदपुर की पृष्ठभूमि किसी न किसी रूप में दिखाई देती है। भले ही वे दिल्ली में रहते हों, लेकिन उनका दिल हमेशा अपने शहर जमशेदपुर के लिए धड़कता है। जैसे ही समय मिलता है, वे अपने शहर लौट आते हैं।