Jamshedpur: जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर फेयर प्राइस शॉप डिलर्स एसोसिएशन, पूर्वी सिंहभूम जिला कमिटी के नेतृत्व में पीडीएस दुकानदारों ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। दुकानदारों ने समय पर राशन आपूर्ति नहीं होने और लंबे समय से लंबित कमीशन भुगतान को लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
जनवरी 2026 का राशन अब तक नहीं पहुंच सका
एसोसिएशन का कहना है कि भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) द्वारा राज्य खाद्य निगम (एसएफसी) के गोदामों में समय पर खाद्यान्न नहीं पहुंचाया जा रहा है। इसके कारण जिले के कई प्रखंडों में जनवरी 2026 का राशन अब तक डीएसडी प्रणाली के माध्यम से पीडीएस दुकानों तक नहीं पहुंच सका है। इसका सीधा असर लाभुकों पर पड़ रहा है और त्योहार के समय आम लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
खाद्यान्न आपूर्ति हो रही बाधित
डीलरों ने बताया कि पहले बर्मामाइंस और चाकुलिया स्थित एफसीआई गोदामों से राशन का उठाव होता था, लेकिन अब सरायकेला–खरसावां एफसीआई से उठाव कराया जा रहा है। दूरी अधिक होने और व्यवस्था में खामियों के कारण पूर्वी सिंहभूम जिले में खाद्यान्न आपूर्ति बाधित हो रही है।
अक्टूबर 2025 तक का कमीशन अब तक नहीं मिला
इसके साथ ही दुकानदारों ने बकाया कमीशन भुगतान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उनका कहना है कि जिले के कई प्रखंडों में एनएफएसए के तहत अगस्त 2025 से अक्टूबर 2025 तक का कमीशन अब तक नहीं मिला है। वहीं दिसंबर 2024 से मार्च 2025 और दिसंबर 2025 तक का भुगतान भी लंबित है।
पीडीएस दुकानदारों की आर्थिक हुई खराब
ग्रीन कार्ड योजना के तहत भी दिसंबर 2023 से दिसंबर 2025 तक का कमीशन बकाया बताया गया है। इस अवधि में केवल 11 माह का भुगतान किया गया है, जबकि 14 माह का कमीशन अभी तक नहीं दिया गया। लगातार बकाया रहने के कारण पीडीएस दुकानदारों की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है।
फेयर प्राइस शॉप डिलर्स एसोसिएशन मांग की
फेयर प्राइस शॉप डिलर्स एसोसिएशन ने जिला प्रशासन से मांग की है कि एफसीआई से एसएफसी गोदामों में समय पर राशन की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, जनवरी 2026 का खाद्यान्न अविलंब पीडीएस दुकानों तक पहुंचाया जाए और सभी लंबित कमीशन का शीघ्र भुगतान किया जाए, ताकि दुकानदारों के साथ-साथ लाभुकों को भी राहत मिल सके।
दुकानदारों ने दी चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान दुकानदारों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।