Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत सोसोमली झलकडीह टांड स्थित हाई स्कूल मैदान में आयोजित पारंपरिक टुसु मेला इस बार आस्था और संस्कृति की जगह अव्यवस्था के कारण चर्चा में है. स्थानीय लोगों का कहना है कि मेला अब सांस्कृतिक आयोजन कम और असामाजिक गतिविधियों का अड्डा अधिक बनता जा रहा है.
मेले में मारपीट से मचा हड़कंप
मेले के दौरान हुई मारपीट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी. जानकारी के अनुसार राजनगर थाना क्षेत्र के पदनाम साई गांव निवासी सचिन महतो पर पोटका थाना क्षेत्र के बांगो गांव के एक युवक ने हाथ में पहने लोहे के कड़े से सिर पर हमला कर दिया. इस हमले में सचिन महतो गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को तत्काल हेंसल स्थित प्रिया हेल्थ क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
नशाखोरी और अवैध गतिविधियों के आरोप
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि मेला आयोजकों की लापरवाही के कारण अवैध शराब बिक्री और नशापान खुलेआम हो रहा है. बताया जा रहा है कि चंदा वसूली और भीड़ जुटाने के उद्देश्य से इन गतिविधियों पर आंख मूंद ली जाती है. नतीजतन मेला परिसर और आसपास के इलाकों में नशे में धुत युवकों की मौजूदगी आम हो गई है.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हजारों लोगों की भीड़ जुटने के बावजूद मेले में न तो पर्याप्त सुरक्षा के इंतजाम दिखे और न ही प्रशासनिक निगरानी. इसी कारण हर साल इस आयोजन के दौरान हादसे और हिंसा की घटनाएं सामने आती हैं. परंपरागत मेला अब लोगों के लिए डर और असुरक्षा का कारण बनता जा रहा है.
प्रशासन की जिम्मेदारी पर नजर
घटनाओं के बाद अब सवाल उठ रहा है कि क्या प्रशासन मेला आयोजकों की भूमिका की जांच करेगा. स्थानीय लोगों की मांग है कि परंपरा की आड़ में फैल रही अव्यवस्था और अपराध पर सख्ती से कार्रवाई हो, ताकि टुसु मेला फिर से अपनी सांस्कृतिक पहचान हासिल कर सके.
राजनगर का टुसु मेला क्षेत्रीय संस्कृति और परंपरा का प्रतीक रहा है, लेकिन लगातार सामने आ रही घटनाएं इसकी छवि को नुकसान पहुंचा रही हैं. यदि समय रहते प्रशासन और आयोजक जिम्मेदारी नहीं निभाते हैं, तो यह आयोजन आने वाले वर्षों में और अधिक विवाद और खतरे का कारण बन सकता है.