Jharkhand News: राज्य सरकार ने 15 दिसंबर 2025 से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर धान खरीद की प्रक्रिया शुरू की थी. 19 जनवरी तक सरकार कुल 14 लाख 77 हजार 901 क्विंटल धान की खरीद कर चुकी है. इस साल सरकार ने 60 लाख क्विंटल धान खरीदने का लक्ष्य तय किया है.
धान खरीद के लिए अब तक 2 लाख 71 हजार 690 किसानों ने पंजीकरण कराया है. इनमें से 1 लाख 26 हजार 595 किसानों को खरीद से संबंधित एसएमएस भेजे जा चुके हैं.
धान खरीद पर 275 करोड़ से ज्यादा का भुगतान
सरकार ने धान खरीद के बदले अब तक किसानों को 275 करोड़ 16 लाख 87 हजार 308 रुपये का भुगतान किया है, इसमें
• पहली किस्त के रूप में 267 करोड़ 50 लाख 69 हजार 578 रुपये
• प्रोत्साहन राशि के तौर पर 7 करोड़ 66 लाख 17 हजार 729 रुपये शामिल हैं.
2450 रुपये प्रति क्विंटल मिल रहा है दाम
इस बार सरकार 2450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीद रही है. पिछले वर्ष यह दर 2400 रुपये प्रति क्विंटल थी। पूरे राज्य में धान खरीद के लिए 801 क्रय केंद्र बनाए गए हैं.
पिछले वर्षों में लक्ष्य से पीछे रही खरीद
पिछले तीन सालों में सरकार धान खरीद का तय लक्ष्य पूरा नहीं कर पाई.
लगातार दो वर्षों 2022-23 और 2023-24 में सूखे जैसी स्थिति और किसानों की कम भागीदारी के कारण खरीद प्रभावित हुई.
किस साल कितनी हुई धान खरीद
• 2022-23: लक्ष्य 60 लाख क्विंटल, खरीद 17.16 लाख क्विंटल (29%)
• 2023-24: लक्ष्य 60 लाख क्विंटल, खरीद 17.02 लाख क्विंटल (29%)
• 2024-25: लक्ष्य 60 लाख क्विंटल, खरीद 40.8 लाख क्विंटल (67%)
सरकार को उम्मीद है कि इस साल धान खरीद में और तेजी आएगी और लक्ष्य के करीब पहुंचा जा सकेगा.