Adityapur News: सरायकेला के आदित्यपुर नगर निगम चुनाव में वार्ड नंबर 29 को लेकर तस्वीर अब साफ होती नजर आ रही है. इस वार्ड से पूर्व पार्षद दिवंगत राजमणि देवी के परिवार की ओर से उम्मीदवारी का ऐलान कर दिया गया है. उनके बड़े पुत्र मनमोहन सिंह ने अपनी पत्नी अर्चना सिंह को चुनावी मैदान में उतारने की घोषणा की है.
आरक्षण ने बदले चुनावी समीकरण
दिवंगत पार्षद के निधन के बाद लंबे समय तक परिवार की ओर से किसी नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई थी, जिससे क्षेत्र में तरह तरह की चर्चाएं चल रही थीं. मनमोहन सिंह स्वयं चुनाव लड़ने की तैयारी में थे, लेकिन परिसीमन के बाद वार्ड 29 के महिला आरक्षित हो जाने से रणनीति में बदलाव हुआ. इसके बाद अर्चना सिंह को उम्मीदवार बनाए जाने का निर्णय लिया गया.
भावनाओं से जुड़ा चुनावी मुकाबला
इस बार वार्ड 29 का चुनाव केवल राजनीतिक नहीं बल्कि भावनात्मक रंग भी लेता दिख रहा है. मनमोहन सिंह ने अपने सोशल मीडिया मंच के माध्यम से क्षेत्र की जनता से अपील की है कि वे उनकी दिवंगत मां के अधूरे कार्यों और सपनों को पूरा करने के लिए अर्चना सिंह का समर्थन करें.
जनता के बीच मजबूत रही दिवंगत पार्षद की पहचान
दिवंगत राजमणि देवी भले ही भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रहीं, लेकिन उनकी पहचान दलगत सीमाओं से आगे थी. वार्ड की जनता के बीच उन्हें सभी वर्गों और दलों से समान सम्मान और समर्थन मिलता रहा. उनके कार्यकाल में किए गए कई विकास कार्य आज भी स्थानीय लोगों की स्मृतियों में दर्ज हैं.