Jamshedpur News: जमशेदपुर शहर में नशे के अवैध कारोबार का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है और इसकी चपेट में अब कम उम्र के बच्चे भी आ रहे हैं. साकची थाना क्षेत्र के टीना शेड और मछली मार्केट के आसपास कुछ दुकानों से खुलेआम नशीले पदार्थों की बिक्री की शिकायतें सामने आ रही थीं. वाइटनर जैसे पदार्थों को रुमाल में डालकर सूंघने की आदत बच्चों में तेजी से फैल रही थी.
युवाओं की पहल से सामने आया मामला
स्थिति को गंभीर होता देख शहर के युवाओं के एक समूह ने खुद पहल की. युवाओं ने नशा करने वाले बच्चों पर नजर रखी और उनके जरिए नशा बेचने वालों की पहचान की. इसके बाद पूरी जानकारी पुलिस को दी गई, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम युवाओं के साथ मौके पर पहुंची और साकची की दो दुकानों में छापेमारी की गई. कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए गए. जब्त सामान की मात्रा इतनी अधिक थी कि उसे करीब तीन ऑटो में भरकर थाने ले जाया गया.
कानूनी प्रक्रिया में जुटी पुलिस
पुलिस ने जब्त किए गए नशीले पदार्थों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. संबंधित दुकानों और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
नशे के खिलाफ सामाजिक जागरूकता जरुरी
यह कार्रवाई नशे के खिलाफ सामाजिक जागरूकता और पुलिस की सक्रियता का उदाहरण है. बच्चों को नशे से बचाने के लिए ऐसे संयुक्त प्रयास जरूरी हैं, ताकि अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.