Jamshedpur News: कारोबारी परिवारों में चिंता का विषय बने कैरव गांधी अपहरण मामले को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने जमशेदपुर के प्रतिष्ठित व्यवसायी देवांग गांधी के पुत्र कैरव गांधी की सकुशल घरवापसी को लेकर पुलिस से ठोस कार्रवाई का आग्रह किया.
डीजीपी के समक्ष रखी गई मामलों की जानकारी
पूर्व विधायक ने डीजीपी को बताया कि कैरव गांधी के अपहरण से परिवार और समाज में गहरी बेचैनी है और पुलिस की सक्रिय भूमिका से ही भरोसा कायम हो सकता है. बातचीत के दौरान उन्होंने गालूडीह थाना क्षेत्र के पुतड़ू गांव निवासी तारापदो महतो की हत्या का मामला भी उठाया और कहा कि इस घटना में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से शामिल सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी जरूरी है.
तकनीकी जांच के आधार पर आगे बढ़ रही पुलिस
डीजीपी तदाशा मिश्रा ने पूर्व विधायक को भरोसा दिलाया कि कैरव गांधी अपहरण मामले में पुलिस सभी तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है. राज्य पुलिस के विभिन्न विभाग समन्वय के साथ हर स्तर पर निगरानी रखे हुए हैं और जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है.
जल्द परिवार के साथ होंगे कैरव गांधी
डीजीपी ने विश्वास जताया कि प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आएगा और कैरव गांधी जल्द ही सकुशल अपने परिजनों के साथ होंगे. वहीं तारापदो महतो हत्या मामले में भी जिला पुलिस पूरी तत्परता से जुटी हुई है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.
डीजीपी स्तर पर हुई इस मुलाकात से अपहरण पीड़ित परिवार और आम लोगों में उम्मीद जगी है. पुलिस के आश्वासन से यह संकेत मिलता है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है. अब आने वाले दिनों में जांच की दिशा और परिणाम ही यह तय करेंगे कि भरोसे को कितना मजबूत आधार मिल पाता है.