Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-19

Sports News: भारत नहीं आए तो बाहर होंगे, ICC का बांग्लादेश को अल्टीमेटम, स्कॉटलैंड को मिल सकता है मौका

Sports News: टी20 विश्व कप 2026 से पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की जिद अब उस पर भारी पड़ती दिख रही है. भारत में मैच खेलने से इनकार कर रहे बांग्लादेश को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने दो टूक चेतावनी दी है. ICC ने साफ कर दिया है कि यदि बांग्लादेश भारत यात्रा के लिए सहमति नहीं देता है तो उसे टूर्नामेंट से बाहर किया जा सकता है.

21 जनवरी तक का वक्त, नहीं माने तो बदलेगी टीम
ESPNcricinfo की रिपोर्ट के मुताबिक ICC ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को 21 जनवरी तक का समय दिया है. इस अवधि में यदि बोर्ड भारत में खेलने पर अपनी सहमति नहीं देता है तो उसकी जगह स्कॉटलैंड को टी20 विश्व कप में शामिल किया जा सकता है. ICC का तर्क है कि मौजूदा टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में स्कॉटलैंड की स्थिति बांग्लादेश के विकल्प के तौर पर उपयुक्त मानी जा रही है.

मैच भारत से बाहर कराने की मांग
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड लगातार यह मांग कर रहा है कि उसके ग्रुप स्टेज मैच भारत से बाहर कराए जाएं. बोर्ड की प्राथमिकता यह है कि मुकाबले सह मेजबान श्रीलंका में शिफ्ट किए जाएं. हालांकि ICC ने इस मांग को सिरे से खारिज कर दिया है. परिषद का कहना है कि भारत में किसी भी टीम के लिए कोई विशेष सुरक्षा खतरा नहीं है.

सुरक्षा रिपोर्ट पर भी ICC का स्पष्ट रुख
रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि एक स्वतंत्र सुरक्षा एजेंसी ने भारत में जोखिम स्तर को मध्यम से उच्च बताया था. ICC ने बांग्लादेश को यह स्पष्ट किया कि यह आकलन किसी एक टीम को लेकर नहीं बल्कि सामान्य परिस्थितियों के आधार पर किया गया है. BCB ने आयरलैंड के साथ ग्रुप बदलने का सुझाव भी दिया था क्योंकि आयरलैंड अपने सभी ग्रुप मैच श्रीलंका में खेलेगा. ICC ने इस प्रस्ताव को भी मंजूरी नहीं दी.

कोलकाता और मुंबई में होने हैं मैच
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बांग्लादेश को अपने तीन ग्रुप स्टेज मैच कोलकाता में और एक मुकाबला मुंबई में खेलना है. ये मैच 7 फरवरी से शुरू होने वाले हैं. इसी को लेकर ICC और BCB के बीच विवाद अब तीसरे सप्ताह में पहुंच चुका है.

IPL फैसला भी बना विवाद की वजह
बांग्लादेश बोर्ड की चिंता उस समय और बढ़ गई जब भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स को बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया. मुस्ताफिजुर को पिछले सीजन में 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा गया था. इस फैसले के पीछे आधिकारिक कारण सामने नहीं आया, लेकिन इसे भारत में बढ़ती एंटी बांग्लादेश भावना से जोड़कर देखा गया.

BCB के भीतर भी असंतोष
इस पूरे मामले में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को अंदरूनी विरोध का भी सामना करना पड़ा. कुछ पूर्व खिलाड़ियों और अधिकारियों ने भारत यात्रा से पूरी तरह इनकार करने के बजाय बातचीत के जरिए समाधान निकालने की सलाह दी. एक बोर्ड अधिकारी के बयान के बाद खिलाड़ियों ने हड़ताल तक कर दी थी, हालांकि बाद में स्थिति संभाल ली गई.

बाहर होने की चेतावनी बांग्लादेश के लिए गंभीर संकेत
टी20 विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट से बाहर होने की चेतावनी बांग्लादेश के लिए गंभीर संकेत है. ICC का सख्त रुख यह साफ करता है कि टूर्नामेंट की तय व्यवस्था से अलग किसी टीम को विशेष छूट देने के मूड में परिषद नहीं है. आने वाले दो दिन बांग्लादेश के लिए निर्णायक साबित हो सकते हैं.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !