Jamshedpur: समाहरणालय सभागार, जमशेदपुर में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में नार्कोटिक्स समन्वय समिति (NCORD) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सुसंगत धाराओं में कार्रवाई सुनिश्चित
बैठक के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों की समीक्षा की गई तथा जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री एवं सेवन को रोकने के लिए संचालित विभिन्न अभियानों की विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि पिछले माह नार्कोटिक्स से संबंधित 23 एफआईआर दर्ज की गई हैं तथा नशा कारोबारियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
सरकारी विद्यालयों के 100 मीटर की दूरी पर नशीली वस्तु न बिके
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी निजी एवं सरकारी विद्यालयों के 100 मीटर की परिधि में किसी भी प्रकार की नशीली वस्तुओं की बिक्री न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाकर विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने तथा ठेला-गुमटी में सिगरेट अथवा अन्य नशापान की वस्तुओं की बिक्री को हतोत्साहित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी और प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा युवाओं को नशे के सामाजिक, शारीरिक एवं कानूनी दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर अभियान चलाए जाएं।
थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि वे इंटेलिजेंस तंत्र को मजबूत करें एवं नशा कारोबारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में पुलिस, उत्पाद विभाग, ड्रग इंस्पेक्टर एवं अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अभिभावकों एवं युवाओं को नशे से होने वाले नुकसान तथा कानूनी प्रावधानों की जानकारी देने पर बल दिया गया।
दवा बिक्री पर नियमित जांच
ड्रग इंस्पेक्टर को निर्देश दिया गया कि दवा दुकानों में प्रतिबंधित दवाओं अथवा डॉक्टर के वैध प्रिस्क्रिप्शन के बिना दवा बिक्री पर नियमित जांच की जाए।
बैठक में जिला के वरीय पदाधिकारियों के अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, नगर निकायों के पदाधिकारी, ड्रग इंस्पेक्टर एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।