Adityapur Breaking: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शर्मा बस्ती में शुक्रवार को अपराधियों का तांडव देखने को मिला. बताया जा रहा है कि दिन के करीब 3:00 बजे राहुल पंडित ने दीपक मिश्रा पर जानलेवा हमला कर इलाके में दहशत फैला दी. अचानक हुई इस घटना से मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
10 लाख की रंगदारी और धमकी
दीपक मिश्रा के अनुसार राहुल पंडित दोपहर करीब 3:00 बजे शर्मा बस्ती स्थित दीपक मिश्रा के घर पहुंचा. उसने विक्की नंदी और बिट्टू नंदी का नाम लेते हुए दीपक मिश्रा से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी. जब रंगदारी देने से इनकार किया गया तो आरोपियों ने हिंसक रूप अपना लिया. बताया जा रहा है कि रंगदारी नहीं मिलने पर दीपक मिश्रा पर चापड़ से हमला किया गया. हमले में दीपक को हल्की चोटें आई. इसी दौरान उनकी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया गया और घर के बाहर तीन राउंड फायरिंग की गई. फायरिंग की आवाज से आसपास के लोग सहम गए और कई लोग अपने घरों में दुबक गए.
जिस वक्त घटना घटी उस वक्त मैं अपने घर में था: विक्की नंदी और बिट्टू नंदी
इस मामले को लेकर विक्की नंदी और बिट्टू नंदी ने कहा कि जिस वक्त घटना घटी उस वक्त मैंअपने घर में था, आज मेरा फैमिली मेंबर का जन्मदिन है उसी के तैयारी में घर में लगा हुआ हूं. मेरे घर के अंदर बाहर सीसीटीवी फुटेज भी लगा है पुलिस आकर निष्पक्ष जांच कर सकती है. राहुल पंडित से मेरा कुछ भी लेना-देना नहीं है. दीपू मिश्रा का भाई दीपक मिश्रा ने इसलिए मुझ पर आरोप लगाया कि कल्पनापुरी में विवेक हत्याकांड हुई थी, जिसमें मुख्य अभियुक्त दीपू मिश्रा थे, जिसमें मैं गवाह हूं इसलिए मुझे फसाने की साजिश रची जा रही है. साथ ही उन्होंने कहा कि राहुल पंडित से कुछ भी लेना-देना नहीं है.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.