Jharkhand News: झारखंड के कोयलांचल इलाके में एक बार फिर कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान चर्चा में है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह खुलेआम हथियार लहराते हुए नजर आ रहा है और अपने विरोधियों को गंभीर धमकी दे रहा है.
वायरल वीडियो में प्रिंस खान अपने कई साथियों के साथ दिखाई देता है. सभी के हाथों में आधुनिक और घातक हथियार हैं. वीडियो में उसके बोलने का अंदाज बेहद आक्रामक है. वह यह कहते हुए सुनाई देता है कि कानून उसे छू नहीं सकता और पुलिस उसका कुछ नहीं बिगाड़ पाएगी. यहां तक कि उसने यह भी कहा कि अगर कभी पकड़े गए तो खुद को गोली मार लेंगे.
डॉन फहीम खान को धमकी, नरसंहार जैसी चेतावनी
इस वीडियो में प्रिंस खान ने वासेपुर के पुराने डॉन फहीम खान के परिवार को भी सीधे तौर पर धमकी दी है. उसने कहा है कि इस बार बड़ा हमला होगा और “नरसंहार” जैसी चेतावनी देकर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की है. ऐसे बयान देकर उसने न सिर्फ अपने विरोधियों, बल्कि झारखंड पुलिस और जांच एजेंसियों को भी खुली चुनौती दी है.
बताया जाता है कि वासेपुर में वर्चस्व को लेकर दोनों गुटों के बीच लंबे समय से टकराव चल रहा है. प्रिंस खान लगातार फहीम खान के गुट को निशाने पर लेता रहा है. हालांकि, इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अब तक पुलिस की ओर से नहीं की गई है.
धनबाद पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई
हालांकि फरार चल रहे प्रिंस खान के खिलाफ धनबाद पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है. उसके आपराधिक नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस ने हाल के दिनों में बड़े स्तर पर छापेमारी की है. कुछ दिन पहले वासेपुर के पांडरपाला, शमशेर नगर, रहमतगंज, आरामोड़, नबीनगर, कबड्डीपट्टी, नया बाजार और निषाद नगर समेत करीब 30 ठिकानों पर एक साथ छापे मारे गए थे. इस दौरान जमीन कारोबार, फंडिंग और हथियार सप्लाई से जुड़े लोगों पर कार्रवाई की गई.
इसके बाद 12 जनवरी को पुलिस ने वासेपुर और भूली इलाके के मिल्लत कॉलोनी, करीमगंज, माहरुफगंज, पांडरपाला और अमन सोसाइटी समेत 12 संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया. पुलिस का कहना है कि प्रिंस खान के पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.