Jharkhand News: राज्य में स्कूलों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग (SHVR) और मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार (MSVP) के लिए चयनित विद्यालयों की सूची जारी कर दी गई है.
20 विद्यालयों का चयन किया गया
राज्य स्तर पर SHVR के तहत 20 विद्यालयों का चयन किया गया है, जबकि MSVP के लिए 119 विद्यालय चुने गए हैं. इन दोनों प्रतियोगिताओं में राज्य के कुल 79,922 सरकारी और निजी विद्यालयों ने भाग लिया था.
विद्यालयों का चयन अलग-अलग मानकों के आधार पर
विद्यालयों का चयन 13 अलग-अलग मानकों के आधार पर किया गया. इनमें सुरक्षित पेयजल की व्यवस्था, शौचालयों की स्थिति, हाथ धोने की सुविधा, कचरा प्रबंधन, वर्षा जल संचयन, ऊर्जा की बचत, जलवायु के अनुकूल गतिविधियां और बाल संसद की सक्रिय भूमिका जैसे पहलू शामिल रहे.
SHVR के लिए चयनित 20 विद्यालयों का मूल्यांकन भारत सरकार की टीम द्वारा जनवरी और फरवरी महीने में किया जाएगा. राज्य स्तर पर चुने गए विद्यालयों को आगे चलकर मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा और उनके कार्यों की नियमित साप्ताहिक समीक्षा भी होगी.
झारखंड शिक्षा परियोजना निदेशक शशि रंजन ने बताया कि यह पहल केवल स्कूलों की साफ - सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे बच्चों में पर्यावरण संरक्षण, जल बचत और जिम्मेदार जीवनशैली की समझ विकसित होगी.