Jharkhand News: रांची के धुर्वा इलाके से लापता हुए दो मासूम बच्चे अंश और अंशिका को ढूंढ निकालने वाले युवकों को गुरुवार को रामगढ़ के चितरपुर में भाजपा की ओर से सम्मानित किया गया. बच्चों के अपहरण के बाद पूरे झारखंड में चिंता और बेचैनी का माहौल बना हुआ था. परिजन से लेकर आम लोग तक बच्चों की सलामती को लेकर दुआ कर रहे थे.
चितरपुर के युवकों की सतर्कता से मिली बड़ी सफलता
इसी बीच चितरपुर के रहमत नगर क्षेत्र में बजरंग दल से जुड़े कुछ सतर्क और साहसी युवकों ने सूझबूझ दिखाते हुए दोनों बच्चों को सकुशल ढूंढ निकाला. इस अहम भूमिका में सचिन प्रजापति, डबलू साव सहित कई अन्य युवक शामिल रहे. बच्चों को सुरक्षित मिलने के बाद युवकों ने बिना देरी किए इसकी जानकारी पुलिस को दी जिससे आगे की कार्रवाई संभव हो सकी.
भाजपा ने आयोजित किया सम्मान समारोह
बच्चों की सुरक्षित बरामदगी में युवकों की भूमिका को सराहते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू की मौजूदगी में चितरपुर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर सभी युवकों को शॉल और गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया गया. साथ ही उनके साहस और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना की सराहना करते हुए उनका हौसला भी बढ़ाया गया.
समाज के लिए बना उदाहरण
भाजपा नेताओं ने कहा कि इन युवकों की सतर्कता और संवेदनशीलता समाज के लिए एक मिसाल है. आम नागरिकों की सजगता किस तरह बड़ी घटनाओं को टाल सकती है इसका यह उदाहरण है. बच्चों की सकुशल वापसी ने न सिर्फ परिजनों बल्कि पूरे राज्य को राहत दी है.
सामाजिक सहभागिता की ताकत
अंश और अंशिका की सुरक्षित बरामदगी ने यह साबित किया है कि प्रशासनिक प्रयासों के साथ यदि समाज के लोग भी सजग और जिम्मेदार भूमिका निभाएं तो बड़ी से बड़ी चुनौती को पार किया जा सकता है. चितरपुर के युवकों की पहल ने सामाजिक सहभागिता की ताकत को उजागर किया है और भविष्य में ऐसे मामलों में जनभागीदारी की जरूरत को रेखांकित किया है.