Gamharia News: गम्हरिया थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी. मृतक की पहचान रामा नाथ दास (55) के रूप में हुई है, जो टीजीएस के कर्मी थे और हाल ही में ईएसएस ले चुके थे.
आरोपी पुत्र ने दावली से अपने पिता पर ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया. हत्या इतनी निर्मम थी कि घटना स्थल का दृश्य देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए. आरोपी ने पिता के सिर और शरीर के कई हिस्सों पर हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
इलाके में दहशत का माहौल
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. लोगों में तरह-तरह की चर्चा है और वे इस घटना को लेकर हैरान हैं. बताया जाता है कि मृतक की पत्नी का पूर्व में ही निधन हो चुका था और उनकी पुत्री की शादी हो चुकी है, जबकि पुत्र की भी शादी हुई है, लेकिन पारिवारिक विवाद के कारण उसकी पत्नी अलग रहती है.
अकेले रहते थे पिता-पुत्र
आहत करने वाली बात ये है कि पिता और पुत्र टायो कॉलोनी के उक्त फ्लैट में अकेले रहते थे. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पुत्र स्वयं गम्हरिया थाना पहुंचकर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया. सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस के साथ एसडीपीओ समीर कुमार सवैया मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की.
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आरोपी पुत्र से पूछताछ जारी है. पुलिस हत्या के कारणों की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही इस मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है.