Bihar: बिहार के समस्तीपुर जंक्शन पर सोमवार की देर रात एक बड़ा रेल हादसा होते-होते बाल-बाल बच गया। जयनगर से हावड़ा जा रही धुरियान पैसेंजर जब प्लेटफार्म संख्या तीन पर पहुंची, तो ट्रेन के पहियों में रेल पटरी पर पड़ा बिजली का तार फंस गया। चालक को इसकी भनक नहीं लगी और वह ट्रेन को घसीटता रहा, जिससे प्लेटफार्म पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गार्ड की सूझबूझ से बची जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पटरी पर चल रहे निर्माण कार्य के कारण बिजली का तार खुला पड़ा था, जो अचानक बोगी के चक्कों में उलझ गया। ट्रेन के घिसटने से तेज आवाज हुई और टाइल्स उखड़ने लगे। यात्रियों ने जब यह मंजर देखा, तो अपनी जान बचाने के लिए एक बोगी से दूसरी बोगी की ओर भागने लगे। यात्रियों के शोर मचाने पर ट्रेन के गार्ड ने तुरंत वॉकी-टॉकी से चालक को सूचना दी, जिसके बाद इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका गया।
वेल्डिंग मशीन से काटा गया तार
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। पहियों में तार इतनी बुरी तरह फंसा था कि उसे निकालने के लिए वेल्डिंग मशीन बुलानी पड़ी। रेल कर्मियों की घंटों की मशक्कत के बाद तार को काटकर अलग किया गया। इस दौरान करीब एक घंटे तक ट्रेन खड़ी रही और यात्री दहशत में रहे।
लापरवाही पर उठे सवाल
यात्रियों ने रेलवे निर्माण कार्य में लगे ठेकेदारों और कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। यात्रियों का कहना था कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण आज सैकड़ों जानें जोखिम में पड़ सकती थीं। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें रेल कर्मी पहियों से तार निकालते नजर आ रहे हैं। फिलहाल, रेलवे मामले की जांच कर रहा है।