Jharkhand News: खूंटी जिले में पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. बुधवार शाम अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर सोमा मुंडा की हत्या कर दी थी. इस घटना से आक्रोशित लोगों ने गुरुवार को खूंटी बंद का आह्वान किया, जिसका व्यापक असर देखा गया. कई राजनीतिक दलों के नेता भी सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए.
जांच टीम का गठन, थाना प्रभारी निलंबित
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया है. रांची जोन के आईजी मनोज कौशिक ने एसआईटी को 7 दिनों के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी का अल्टीमेटम दिया है. उन्होंने एसपी और एसआईटी टीम को जांच के दौरान सभी बिंदुओं पर समयबद्ध और गंभीरता से अनुसंधान करने का निर्देश दिया है. आईजी मनोज कौशिक सात दिनों के बाद स्वयं इस मामले की समीक्षा करेंगे. वे लगातार खूंटी के एसपी मनीष टोप्पो से पूरे घटनाक्रम की जानकारी भी ले रहे हैं. फिलहाल खूंटी में स्थिति सामान्य बताई जा रही है. साथ ही पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर थाना प्रभारी मोहन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. उनकी जगह अशोक सिंह को सदर थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है.
जल्द खुलासा प्राथमिकता
पदभार संभालते ही अशोक सिंह ने साफ कहा कि सोमा मुंडा हत्याकांड का जल्द से जल्द खुलासा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों को पकड़ने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी.
नए थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और अपराध पर सख्त नियंत्रण पाना उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा. उन्होंने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पुलिस और समाज के संयुक्त प्रयास से ही अपराध मुक्त वातावरण बनाया जा सकता है.
पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से यह संकेत मिल रहा है कि सोमा मुंडा हत्याकांड की जांच अब तेज रफ्तार में आगे बढ़ेगी और जल्द ही मामले का पर्दाफाश हो सकता है.