Bihar: बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार को भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से नवाजे जाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। जदयू के राष्ट्रीय सचिव केसी त्यागी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इस मांग को औपचारिक रूप दिया है।
असाधारण योगदान
पत्र में केसी त्यागी ने लिखा है कि पिछले वर्ष भारत के दो महान नेताओं चौधरी चरण सिंह और कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न सम्मान दिया गया था, जिनकी सेवा और समर्पण देश के लिए अमूल्य था। ठीक इसी प्रकार बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी सामाजिक न्याय, विकास और लोकतंत्र के क्षेत्र में असाधारण योगदान के लिए इस सम्मान के पूरी तरह हकदार हैं।
देश के लिए प्रेरणादायक
उन्होंने आगे कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में विकास की एक नई मिसाल कायम की है। उनकी नेतृत्व क्षमता, भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए लगातार प्रयास उन्हें देश के सबसे सम्मानित नेताओं में स्थापित करते हैं। केसी त्यागी ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार का कार्यकाल कई संकटों के बीच बिहार के लिए उम्मीद की किरण साबित हुआ है और उनका समर्पण पूरे देश के लिए प्रेरणादायक है।
राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना
राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि भारत रत्न की मांग के साथ नीतीश कुमार की छवि और प्रभाव राष्ट्रीय स्तर पर और भी मजबूत होगी। इससे जदयू को आगामी चुनावों में भी बढ़त मिल सकती है।
गंभीरता से विचार
नीतीश कुमार के समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता इस मांग को लेकर उत्साहित हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि प्रधानमंत्री मोदी इस पहल पर गंभीरता से विचार करेंगे।