West Bengal: पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस को जान से मारने की गंभीर धमकी मिलने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह धमकी ई-मेल के माध्यम से भेजी गई है, जिसमें राज्यपाल को बम से उड़ाने की बात कही गई है। यह ई-मेल गुरुवार देर रात राजभवन (लोकभवन) को प्राप्त हुआ, जिसके बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं।
राज्यपाल की सुरक्षा व्यवस्था हुई और सख्त
लोकभवन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि धमकी भरा ई-मेल मिलते ही राज्यपाल की सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। राजभवन परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं और हर आने-जाने वाले व्यक्ति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
राज्यपाल की सुरक्षा को लेकर सभी पहलुओं से हुई चर्चा
राज्यपाल की सुरक्षा में तैनात स्पेशल ड्यूटी ऑफिसर (SDO) ने जानकारी दी कि इस पूरे मामले से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को अवगत करा दिया गया है। इसके साथ ही लोकभवन में सीआरपीएफ और राज्य पुलिस की टीमें तैनात कर दी गई हैं ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।
धमकी मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए आधी रात को वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों की एक आपात बैठक बुलाई गई। इस बैठक में राज्यपाल की सुरक्षा को लेकर सभी पहलुओं पर चर्चा की गई और सुरक्षा इंतजामों को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
पहले भी राज्यपाल सी. वी. आनंद को मिली है धमकी
बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस को इस तरह की धमकियां मिली हों। इससे पहले भी उन्हें धमकी भरे संदेश भेजे जा चुके हैं। हालांकि, हर बार की तरह इस बार भी जांच एजेंसियां ई-मेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई हैं।
धमकी मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़
यदि राज्यपाल की सुरक्षा की बात करें तो वर्तमान में उन्हें Z+ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। उनकी सुरक्षा में करीब 60 से 70 केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवान तैनात रहते हैं, जो हर समय उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। धमकी के इस ताजा मामले के बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी को रोका जा सके।