Chaibasa: मंगलवार की देर रात नोआमुंडी प्रखंड के जेटेया क्षेत्र में हाथी के हमले से एक बहुत दर्दनाक घटना सामने आई, जिसमें कुल छह लोगों की जान चली गई। इस हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। हाथी के हमले में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतकों में 50 वर्षीय सनातन मेरेल, 45 वर्षीय झलक मोनी कुई, 8 वर्षीय दमयंती और 5 वर्षीय मुंगड़ू शामिल हैं। वहीं, बड़े पासेया गांव में 26 वर्षीय मंगल बोबोंगा की भी हाथी के हमले में जान चली गई।
घटना की जानकारी मिलते ही जगन्नाथपुर के विधायक सोनाराम सिंकू बावड़िया टोला गांव पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने इस दर्दनाक घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं।
पीड़ित परिवारों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने का निर्देश
मौके पर मौजूद विधायक सोनाराम सिंकू ने दूरभाष के माध्यम से उपायुक्त को पूरी घटना से अवगत कराया। इसके साथ ही उन्होंने अंचलाधिकारी नोआमुंडी, प्रखंड विकास पदाधिकारी नोआमुंडी एवं वन विभाग के रेंजर से भी बातचीत कर पीड़ित परिवारों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई जाए
विधायक ने प्रशासन से मांग की कि प्रभावित क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके । उन्होंने पीड़ित परिवारों को मदद दिलाने का आश्वासन देते हुए कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर इस संकट की घड़ी में लोगों के साथ खड़े रहेंगे।