Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-08

Patamda Fire Incident: पटमदा थाना क्षेत्र के रांगाटांड़ गांव में आग लगने से किसानों को हुआ भारी नुकसान

Patamda: पटमदा थाना अंतर्गत रांगाटांड़ गांव में बुधवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब किसान रथू महतो के खलिहान में रखे पुआल के ढेर में अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा पुआल धू-धू कर जलने लगा और कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

गांव में मचा हड़कंप 

आग की लपटें पास ही स्थित पड़ोसी किसान शंभू महतो के खलिहान तक पहुंच गईं, जिससे वहां रखा पुआल भी आग की चपेट में आ गया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। दो नल के पानी की मदद से ग्रामीणों ने काफी देर तक आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के कारण आग पर नियंत्रण नहीं पाया जा सका।

कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे युवा नेता प्रताप महतो ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पटमदा थाना प्रभारी करमपाल भगत एवं जिला पार्षद खगेन चंद्र महतो को पूरे मामले से अवगत कराया। जिला पार्षद की पहल पर शाम करीब छह बजे दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आसपास स्थित रिहायशी मकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।

हजारों रुपये की संपत्ति का नुकसान

हालांकि, तब तक काफी नुकसान हो चुका था। रात करीब आठ बजे तक दोनों किसानों के खलिहान में रखा लगभग चार ट्रैक्टर पुआल पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस अग्निकांड में किसान रथू महतो और शंभू महतो को हजारों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टला 

घटना के दौरान झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के युवा नेता प्रताप महतो के साथ-साथ शिवशंकर महतो, भोलानाथ कर्मकार, दुर्योधन कर्मकार, विकास कर्मकार, रामू महतो, सुमन महतो, भक्त रंजन महतो, फेस्कु महतो, शंभू महतो, सुभाष महतो सहित गांव की महिलाओं ने भी आग बुझाने और राहत कार्य में सराहनीय भूमिका निभाई। ग्रामीणों की एकजुटता और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !